जिला चिकित्‍सालय में शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अतुलकर एवं सिविल सर्जन डॉ. प्रकाश ढोके के मार्गदर्शन में किया गया। जन्मजात विकृति क्लबफुट (टेढ़े पैर) के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने एवं प्रभावित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पताल आलीराजपुर में क्लबफुट जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. चेतन सोलंकी की उपस्थिति में कुल 12 बच्चों की जांच की गई। जांच के दौरान 3 बच्चों को कास्टिंग की गई, एवं 2 टेनोटॉमी की गई वहीं 3 बच्चों को उपचार एवं पैरों की स्थिति में सुधार के लिए क्लबफुट ब्रेस प्रदान किए गए। एवं जिसमें जिले के कुल 61 नवजात शिशुओं का चिन्हांकन एवं उपचार किया जा रहा है, इस दाैरान चिकित्‍सकों ने अभिभावकों को क्लबफुट की समस्या, उसकी पहचान एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लबफुट एक जन्मजात विकृति है, जिसका समय पर उचित उपचार कराने से बच्चों के पैरों को सामान्य स्थिति में लाने में मदद मिलती है। अनुष्का फाउंडेशन (SBI Foundation)एवं स्वास्थ्य विभाग के आरबीएसके दल के सहयोग से क्लबफुट से प्रभावित बच्चों की शीघ्र पहचान, उपचार एवं पुनर्वास को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समुदाय में जागरूकता बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उक्‍त जानकारी जिला चिकित्‍सालय द्वारा दी गई।