सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी के लिए निकली सेवा संकल्प यात्रा का अनूपपुर जिले के चंदनघाट पहुंचने पर मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने आत्मीय स्वागत किया। राज्य मंत्री श्री जायसवाल स्वयं बाइक पर सवार होकर चंदनघाट से यात्रा में शामिल हुए और ग्राम सराई पहुंचे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने सेवा यात्रियों का स्वागत किया।
जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की ग्राम पंचायत सराई के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सराई में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से सेवा, जनसंवाद, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश और जनता की सेवा के लिए समर्पित किए हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, आंगन मिलन सहित विभिन्न जनसेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की यह यात्रा सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है। यात्रा अनूपपुर से छत्तीसगढ़ के लिए प्रस्थान करेगी, जिसमें वे स्वयं उपस्थित होकर सेवा यात्रियों को रवाना करेंगे। कार्यक्रम को राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल एवं जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम ने भी संबोधित किया।
जनसंवाद कार्यक्रम के पश्चात राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल एवं जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम सहित सेवा संकल्प यात्रा में शामिल यात्रियों ने पौधारोपण किया। राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। सेवा संकल्प अभियान सेवा, सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सहभागिता को बढ़ावा दे रहा है।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पांडे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, आम नागरिक, विद्यार्थी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

