खेतों में फसल अवशेष (नरवाई) जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को रोकने और पराली प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से लांजी अनुभाग में बैठक आयोजित की गई। बैठक एसडीएम श्री आदित्य नारायण तिवारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधि, हार्वेस्टर संचालक, कृषि विभाग के अधिकारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकित सिंघई एवं तहसीलदार श्री संजय बारस्कर उपस्थित रहे। इस दौरान नरवाई नहीं जलाने तथा फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

एसडीएम श्री तिवारी ने किसानों को समझाइश दी कि खेतों में नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है तथा भूमि के उपयोगी सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं। इसके अलावा आग लगने से पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ आसपास की फसलों, पेड़-पौधों एवं जन-धन को भी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।

बैठक में हार्वेस्टर संचालकों से भी फसल कटाई के दौरान नरवाई प्रबंधन के उपाय अपनाने में सहयोग करने की अपील की गई। कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाने और पराली के उचित प्रबंधन के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी संबंधित पक्षों से नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने में सक्रिय सहयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की गई।