किसानों को तिलहन फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने तथा कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 18 नवंबर को बालाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत भटेरा में किसानों को सरसों वैल्यू चेन के तहत बीज वितरण किया गया। इस दौरान किसानों का कृषि मैपर लाइट ऐप पर पंजीयन करने के साथ ही साइल हेल्थ कार्ड के लिए भी पंजीयन किया गया।उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि ग्राम भटेरा में आयोजित कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान श्री यशवंत लिल्हारे, जनपद सदस्य श्री महेश मोहारे एवं श्रीमती सुनीता महेश लिल्हारे की उपस्थिति में किसानों को सरसों वैल्यू चेन के बीज वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि मैपर लाइट ऐप के माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा उनका पंजीयन किया गया।

साथ ही मिट्टी की गुणवत्ता एवं उर्वरता की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से साइल हेल्थ कार्ड के लिए भी किसानों का पंजीयन कराया गया।इस पहल का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीक एवं योजनाओं से जोड़कर सरसों उत्पादन को बढ़ावा देना, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना तथा मिट्टी की सेहत के अनुरूप संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करना है।