छोटी पूंजी से अपने सपनों को आकार देने वाले आम नागरिकों की सफलता की कहानियां समाज में एक नई प्रेरणा जगाती हैं। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी श्प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधिश् (पीएम स्वनिधि) योजना देश के छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिख रही है। इस योजना के माध्यम से शहरी क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी और पथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के आसानी से क्रियाशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण का भुगतान करने वाले योजना के पात्र हितग्राहियों को चरणबद्ध तरीके से अधिक ऋण सीमा, ब्याज अनुदान और डिजिटल लेनदेन पर कैशबैक का दोहरा लाभ प्राप्त होता है।

इस योजना की सार्थकता का एक जीवंत उदाहरण बड़वानी जिले के श्री इक़बाल हुसैन हैं। श्री इक़बाल हुसैन ने पीएम स्वनिधि योजना का लाभ उठाकर अपने इत्र एवं अगरबत्ती का व्यवसाय स्थापित किया और उसे नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। शुरुआत में नगर पालिका परिषद बड़वानी के सहयोग से श्री इक़बाल हुसैन ने इस योजना के तहत ₹10,000 का प्रथम ऋण लिया। अपनी मेहनत और वित्तीय अनुशासन का परिचय देते हुए उन्होंने समय पर इस ऋण का पूरा भुगतान किया। उनके उत्कृष्ट रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें अगले चरण में ₹20,000 का ऋण स्वीकृत हुआ। इस ऋण को भी समय पर चुकाने के पश्चात उन्हें ₹50,000 का बड़ा ऋण प्राप्त हुआ। सराहनीय वित्तीय प्रबंधन और नियमित चुकौती से प्रभावित होकर अब बैंक द्वारा उन्हें क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी प्रदान की गई है, जिससे उन्हें अपने व्यवसाय के विस्तार में और अधिक सुगमता मिल रही है। पीएम स्वनिधि योजना से मिले संबल के बल पर आज श्री इक़बाल हुसैन आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का गरिमापूर्ण भरण-पोषण कर रहे हैं। इस योजना के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। बड़वानी जिले में पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से शहरी पथ विक्रेताओं और छोटे उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी है।