शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को पठन-पाठन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली है। इस अभियान के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला, अर्जुन नगर में विद्यार्थियों के बैठने हेतु 10 नग उच्च गुणवत्ता वाली डेस्क-बेंच प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के तहत गुरुकुल स्कूल हमलापुर की प्राचार्या श्रीमती संगीता श्रीवास्तव द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला अर्जुन नगर के बच्चों के लिए 10 नग डेस्क-बेंच भेंट की गईं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक श्री रंजीत सिंह धुर्वे, प्रभारी प्रधान पाठक श्रीमती मधुबाला शर्मा एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सुविधाओं के अभाव में कई बार बच्चों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है, जिससे निजात दिलाने के लिए यह दान एक मील का पत्थर साबित होगा। डेस्क-बेंच मिलने से न केवल बच्चों की पठन-पाठन की व्यवस्था सुगम हुई है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और उत्साह में भी वृद्धि हुई है। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों द्वारा दानदाता श्रीमती संगीता श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया गया।


