कलेक्टर बैतूल डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के मार्गदर्शन में ‘ युवा सेतु ’ कार्यक्रम के अंतर्गत एआई की पाठशाला पहल के तहत जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, बैतूल द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हाक्सर स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय बैतूल में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीनाक्षी चौबे एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. चंद्रशेखर मेश्राम के समन्वय एवं सहयोग से यह कार्यशाला सफलतापूर्वक आयोजित की गई। कार्यशाला के आयोजन में महाविद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यशाला का संचालन श्री विवेक सूर्यवंशी, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस, श्री दिनेश पवार, प्रशिक्षक ई-दक्ष केंद्र, श्री मयूर कोहळे, सीनियर एग्जीक्यूटिव, सुश्री प्रियंका राने, सहायक ई-गवर्नेंस प्रबंधक बैतूल एवं श्री महेश्वर भलावी, सहायक ई-गवर्नेंस प्रबंधक, चिचोली, श्रीमती ताप्ती पाटिल, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा समस्त युवा सेतु टीम द्वारा किया गया।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता, दैनिक जीवन एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में एआई के बढ़ते उपयोग, विभिन्न एआई टूल्स के व्यावहारिक प्रयोग तथा प्रभावी प्रॉम्प्ट लेखन के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा, रोजगार एवं कौशल विकास के क्षेत्र में एआई की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।

इसके साथ ही साइबर सुरक्षा के अंतर्गत ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल भुगतान में सावधानियां, पासवर्ड सुरक्षा, फिशिंग एवं साइबर अपराधों की पहचान तथा उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को एआई टूल्स एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और व्यावहारिक प्रदर्शनों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे आधुनिक तकनीक का सुरक्षित, जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग कर सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना, उनमें डिजिटल कौशल विकसित करना, एआई आधारित तकनीकों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, बैतूल द्वारा ‘ युवा सेतु ’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘ एआई की पाठशाला ’ पहल के माध्यम से जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी आधुनिक तकनीकी ज्ञान एवं डिजिटल कौशल प्राप्त कर भविष्य में शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठा सकें।