प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पंडित जवाहरलाल नेहरू शासकीय महाविद्यालय, नेपानगर में विधानसभा स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता का विषय “मतदान का महत्व” रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने लोकतंत्र में मतदान की भूमिका, मतदाता के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में युवा मतदाताओं के योगदान पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का विषय “मतदाता सूची की तैयारी, ईवीएम तथा वीवीपीएटी, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया” रहा। इसमें मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, ईवीएम एवं वीवीपीएटी की कार्यप्रणाली, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना की प्रक्रिया से संबंधित प्रश्नों पर प्रतियोगिता आयोजित रही। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय स्तर पर चयनित कुल 12 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें- शासकीय महाविद्यालय नेपानगर, शासकीय महाविद्यालय धुलकोट एवं शासकीय महाविद्यालय, खकनार के विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा उन्हें जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करना रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, स्टॉफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।