विजयादशमी(दशहरा) पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को जिला पुलिस छिंदवाड़ा द्वारा प्रतिवर्षानुसार बटेश्वर हनुमान मंदिर परिसर पुलिस लाइन छिंदवाड़ा में शस्त्र पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन व पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा श्री अजय पाण्डेय एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में श्री शेषराव यादव, श्री संजय पटेल, श्रीमती गरिमा दामोदर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री पुष्पेंद्र निगम सहित पुलिस - प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और पत्रकार मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत बटेश्वर हनुमान जी के पूजन-अर्चन, हवन एवं मंत्रोच्चार के साथ हुई। पंडित द्वारा विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन, हवन एवं वाद्य यंत्रों के साथ संगीतमय आरती की गई। पुलिस लाइन में रखे समस्त सरकारी शस्त्र - रायफल, पिस्टल, कार्बाइन आदि को फूल-माला से सजाकर विधिवत पूजा की गई। मंच को "शस्त्र पूजन समारोह - शक्ति, शौर्य और रक्षा का प्रतीक, छिंदवाड़ा पुलिस" थीम पर सजाया गया था।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री नारायन ने सभी को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि "शस्त्र पूजन हमारी सनातन परंपरा है। पुलिस का शस्त्र जनता की रक्षा, न्याय और धर्म की स्थापना के लिए होता है। हम शस्त्र का उपयोग शांति स्थापित करने और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए करते हैं। दशहरा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।"
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने सभी पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि शस्त्र की पूजा हमें अपने कर्तव्य के प्रति और अधिक निष्ठावान बनने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में पुलिस एवं राजस्व अधिकारी, थाना प्रभारीगण, रक्षित निरीक्षक, सूबेदार एवं पुलिस लाइन का समस्त बल, महिला पुलिस बल सहित बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित थे। पूजन के पश्चात प्रसाद/ स्वल्पाहार वितरण किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
कार्यक्रम में उपस्थिति - रक्षित निरीक्षक श्री हर्ष राज यादव, रक्षित निरीक्षक श्रीमती कमला कुशवाहा, थाना प्रभारी कुंडीपुरा निरीक्षक श्री महेंद्र भगत, साइबर सेल प्रभारी श्रीमती कंचन राजपूत, फिंगरप्रिंट प्रभारी निरीक्षक श्री सत्येंद्र बघेल, पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी श्री डी.एस. शेंडे, थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक श्री संदीप सुरेश, सूबेदार श्री लोहित शेंडे, लाइन ऑफिसर श्री केशव इंगले, समस्त पुलिस लाइन स्टाफ, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया/पत्रकार गण उपस्थित थे।


