जिले के ग्राम रावरी निवासी श्री विजय अहिरवार ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों से रोजगार के क्षेत्र में सफलता हासिल कर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा पूरी की और रोजगार की तलाश में लगातार प्रयास करते रहे। श्री विजय ने बी.एससी. एवं आईटीआई (इलेक्ट्रिशियन) की शिक्षा प्राप्त की। शिक्षा पूरी करने के बाद उनके सामने रोजगार प्राप्त करना एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने रोजगार के लिए निरंतर प्रयास जारी रखे और अपने कौशल एवं योग्यता के आधार पर निजी क्षेत्र में अवसर प्राप्त किया। आज उनकी मेहनत रंग लाई है और वह एक्सिस बैंक में अस्सिटेंट मैनेजर टेलर के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उन्हें लगभग 3.20 लाख रूपये वार्षिक वेतन प्राप्त हो रहा है। स्थायी रोजगार मिलने से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है तथा परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। श्री विजय बताते है कि रोजगार प्राप्त करने के बाद उन्हें अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद मिली है। उन्होंने कहा कि मेहनत, सही दिशा में प्रयास और अपनी योग्यता के अनुरूप अवसर तलाशने से सफलता जरूर मिलती है। उनका कहना है कि युवाओं को निराश होने के बजाय अपनी शिक्षा और कौशल को मजबूत कर रोजगार के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। श्री विजय की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है, जो रोजगार की तलाश में हैं। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि लगन और निरंतर प्रयास के माध्यम से युवा अपने भविष्य को बेहतर बनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। सुश्री निहारिका मीना सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया
रोजगार के अवसर से विजय अहिरवार ने संवारा अपना भविष्य, आज एक्सिस बैंक में कर रहे हैं नौकरी
टशन डेस्क · 7 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट
