मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के धार जिले स्थित 132 केवी सबस्टेशन छायन में निर्माणाधीन औद्योगिक क्षेत्र (एमपीआईडीसी) के 33 केवी फीडर बे का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता श्री शेखर फटाले ने निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान फीडर बे के निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री तथा विभिन्न तकनीकी कार्यों का परीक्षण किया गया।
अर्थिंग पिट के निर्माण में तकनीकी कमी पाए जाने पर आवश्यक सुधार मौके पर ही कराया गया। अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार फाउंडेशन बोल्टों में लगे कुछ नट जंग लगे पाए गए। निरीक्षण के दौरान इन्हें तत्काल बदलवाया गया।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। कार्यपालन अभियंता श्री सुनील बामनिया सहित उपस्थित अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा भी की गई। निरीक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी कमियों का तत्काल निराकरण कराते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता श्री शेखर फटाले एवं अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।

