इंदौर जिले के देपालपुर विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धन्नड़ में प्रसव केंद्र का शुभारंभ विधायक श्री मनोज पटेल एवं कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा गरिमामय समारोह में किया गया। प्रसव केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अब स्थानीय स्तर पर सुरक्षित एवं बेहतर प्रसव सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री मनोज पटेल ने कहा कि प्रसव केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र की महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं सहज एवं सुगमता से प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। आवश्यकता होने पर प्रसव केंद्र की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए विधायक निधि से भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि आमजन को स्वास्थ्य सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रसव केंद्र में आवश्यक सेवाओं, संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता निरंतर सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने कहा कि प्रसव केंद्र के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी भी की जाएगी।
35 ग्रामों की गर्भवती महिलाओं को मिलेगा लाभ
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धन्नड़ में प्रसव केंद्र शुरू होने से इसके अंतर्गत आने वाले 6 उप स्वास्थ्य केंद्रों, 35 ग्रामों तथा पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित एवं बेहतर प्रसव सेवाओं का लाभ मिलेगा। अब महिलाओं को प्रसव के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों तक जाने की आवश्यकता कम होगी तथा उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रसव केंद्र का शुभारंभ क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच, प्रसव के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल तथा प्रसव उपरांत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर प्राप्त करने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रीना कामदार, जनपद सदस्य श्रीमती कविता कमल भोपाली, सरपंच श्रीमती ललिता आनंदीलाल सेठ, एसडीएम श्री लोकेन्द्र सिंह, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विभा नागर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री शिवराज सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

