कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार तथा अपर कलेक्टर के निर्देशन में राऊ अनुभाग के ग्राम धन्नड़ में आज राजस्व शिविर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, देपालपुर विधायक श्री मनोज पटेल, राऊ अनुविभागीय अधिकारी श्री लोकेन्द्र सिंह सरल, तहसीलदार राऊ श्री सतेन्द्र सिंह गुर्जर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

राजस्व शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान शामिल हुए। शिविर में लगभग 100 किसानों ने अपनी समस्याएं एवं राजस्व संबंधी प्रकरण प्रस्तुत किए। तहसीलदार राऊ द्वारा वृत धन्नड़ से संबंधित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की सुनवाई करते हुए मौके पर ही निराकरण किया गया।

शिविर में नामांतरण के 180 प्रकरण, बंटवारा एवं बटांकन के 15 प्रकरण तथा सीमांकन के 18 प्रकरण, इस प्रकार कुल 213 प्रकरणों की सुनवाई कर अंतिम आदेश पारित किए गए। संबंधित कृषकों को उनके प्रकरणों में पारित आदेशों की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में राजस्व विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना गया तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। किसानों की ई-केवायसी एवं फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्यवाही भी की गई। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में सीएमएचओ, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ, आशा कार्यकर्ता, ग्राम धन्नड़ एवं धरावरा के सरपंच, राजस्व निरीक्षकगण, तहसील कार्यालय राऊ का समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।