मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पूर्व विधानसभा क्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास भवन बाई का बगीचा, घमापुर में उद्यम संवाद एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत के गायन से हुआ।
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ आयुष जाखड़, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, दिव्यांगजन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री संदीप रजक, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन, श्री सोनू बचवानी, श्रीमती अंजना अग्रहरि, योगेन्द्र राजपूत, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश सिंह, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को अपनी समस्याएं और अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने अपने सिलाई प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुए कहा कि छोटे ऋण एवं शासकीय योजनाओं से मिलने वाली सहायता से लोगों में अपना व्यवसाय शुरू करने का विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों एवं घरेलू स्तर पर संचालित छोटे व्यवसायों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया।
महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शासन की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अधिकारी एवं कर्मचारी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी एवं अन्य कारोबारियों को मिल रही ऋण सहायता सहित आयुष्मान, पेंशन, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी एवं दिव्यांगजनों से संबंधित योजनाओं का उल्लेख किया।
नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत नए पंजीयन एवं दस्तावेज सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। अब तक करीब 2 हजार 800 हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल चुका है तथा कार्यक्रम के दौरान लगभग 150 नए पंजीयन किए गए। उन्होंने बताया कि विभिन्न जोन क्षेत्रों में हितग्राहियों की ई-केवाईसी कराई जा रही है। भानतलैया जोन कार्यालय क्षेत्र में ई-केवाईसी नहीं होने से लंबित पेंशन प्रकरण का भी निराकरण कराया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक अधिकारी-कर्मचारी मैदानी क्षेत्रों में जाकर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं।
भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर ने पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को मिल रही ऋण सहायता की जानकारी दी। उन्होंने हितग्राहियों से ऋण का समय पर भुगतान करने की अपील की तथा संबल एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा सहित अन्य योजनाओं से मिल रहे लाभ का उल्लेख किया।
भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन ने कहा कि शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी एवं कर्मचारी मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों एवं बैंक अधिकारियों को बधाई दी।
हितग्राहियों एवं उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
उद्यम संवाद के दौरान उद्यमी श्री कपिल खत्री ने बताया कि शासकीय सहायता से स्थापित उनके उद्योग में वर्तमान में दो सौ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। श्री अशोक गुप्ता ने छोटे व्यवसायों को उद्योग के रूप में विकसित करने तथा स्थानीय कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की महिला हितग्राही ने बताया कि उन्होंने पांच लाख रुपये का ऋण लेकर सिलाई का काम शुरू किया और वर्तमान में छह लोग उनके साथ कार्य कर रहे हैं। वहीं एक उद्यमी ने बताया कि पीएमएफएमई योजना से मिले ऋण एवं सब्सिडी की सहायता से उन्होंने डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ाया और चार लोगों को रोजगार दिया।
श्री राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि ऋण सहायता से उन्होंने अपना व्यवसाय शुरू किया और अलग-अलग चरणों में मिली सहायता से इसे आगे बढ़ाया। श्रीमती पूजा बर्मन ने बताया कि सिलाई कार्य के लिए मिली ऋण सहायता से उन्हें अपना काम बढ़ाने में मदद मिली।
रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर से जुड़े श्री कमल कुकरेजा, श्री दीपक जैन एवं श्री अनूप जैन ने बताया कि क्लस्टर में करीब 200 इकाइयां संचालित हैं और लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं को नई सिलाई मशीन उपलब्ध कराने तथा छोटे उद्यमियों को बाजार से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के अंत में हितलाभ एवं सहायक उपकरण वितरित
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए गए। श्री नीरज राजपूत को वेंडिंग कार्य के लिए 50 हजार रुपये, श्रीमती सरिता यादव को सिलाई कार्य के लिए 50 हजार रुपये, श्री राकेश श्रीवास्तव को हेयर कटिंग की दुकान के लिए 50 हजार रुपये तथा श्रीमती पूजा बर्मन को सिलाई कार्य के लिए 50 हजार रुपये की ऋण सहायता प्रदान की गई। अन्य हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि प्रदान की गई।
सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल एवं विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला, भाषण एवं निबंध में प्रतिभा प्रदर्शित करने वाली गोविंदगंज स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में करीब 200 लोगों का परीक्षण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनसंवाद कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया था। स्वास्थ्य शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं एलोपैथी पद्धति से करीब 200 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
उद्यमियों के स्टालों का किया अवलोकन
उद्यम संवाद एवं जनसंवाद के पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल परिसर में पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत लगाए गए कॉस्मेटिक्स, गारमेंट्स, चाय एवं ढोकला सहित विभिन्न स्टालों का अवलोकन करते हुए उद्यमियों से उनके व्यवसाय एवं उत्पादों की जानकारी ली।
