कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से निराकरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई।

समीक्षा के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत हितग्राहियों को योजना की किस्त प्राप्त नहीं होने तथा प्रकरण SNO स्तर पर लंबित होने संबंधी शिकायतों की समीक्षा की गई।

राजस्व विभाग के अंतर्गत प्राकृतिक प्रकोप राहत (RBC 6-4) के प्रकरणों तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त से संबंधित शिकायत की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के तथ्यों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की पात्रता पर्ची में सदस्य का नाम नहीं जुड़ने, जनजातीय कार्य विभाग की पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रधानमंत्री आवास योजना एवं नल-जल व्यवस्था से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में केवल औपचारिक उत्तर दर्ज करने के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि किसी भी योजना अथवा प्रकरण में गलत बैंक खाता क्रमांक दर्ज होने के कारण हितग्राही की राशि किसी अन्य व्यक्ति के खाते में भुगतान होने संबंधी शिकायतों की सघन जांच की जाए। जांच में यदि किसी कर्मचारी अथवा व्यक्ति द्वारा जानबूझकर गलत खाता क्रमांक दर्ज करना पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर आवश्यक समन्वय के साथ समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित करने तथा राज्य स्तर से कार्रवाई अपेक्षित प्रकरणों में नियमित फॉलोअप करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।