सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला रोजगार कार्यालय, कटनी द्वारा विकासखंड विजयराघवगढ़ के दो शासकीय विद्यालयों शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरैया तथा सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कारीतलाई में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में 241 विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती सुषमा विश्वकर्मा ने बताया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरैया में 144 विद्यार्थियों तथा सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कारीतलाई में 97 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इनमें कुल 121 छात्र एवं 120 छात्राएं शामिल रहीं।काउंसलिंग के दौरान विषय विशेषज्ञों एवं मनोवैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, आईटीआई में उपलब्ध प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी। विद्यार्थियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं और शासकीय छात्रवृत्ति योजनाओं से भी अवगत कराया गया।विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मानसिक एकाग्रता बढ़ाने, ध्यान एवं योग के महत्व तथा पढ़ाई के दौरान मन को केंद्रित रखने के उपयोगी तरीके बताए। साथ ही अपनी रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने और भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।करियर काउंसलिंग एवं जॉब फेयर प्रभारी श्री अनिल तिवारी ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में निरंतर करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी देकर भविष्य के लिए उचित निर्णय लेने में सक्षम बनाना है।फोटो- 06 से 08