कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के मार्गदर्शन में जिला रोजगार कार्यालय, मंदसौर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय आईटीआई मल्हारगढ़ में युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला)” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुकूल जैन सहित अन्य अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री मंगल रेक्वार, लीड बैंक मैनेजर श्री संजय जी मोदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आयोजित मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए गए। मेले में कुल 121 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 40 अभ्यर्थियों को चयन उपरांत ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

मेले में कुल 08 कंपनियों ने सहभागिता की। इनमें MRF Tyres, तेलंगाना एवं दहेज (गुजरात), Apollo Tyres, वडोदरा, गेल इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, गुना, एच.डी.एफ.सी. लाइफ इंश्योरेंस, मंदसौर, मां चामुंडा एंटरप्राइजेज (इप्का, रतलाम), चेकमेट सर्विसेज, अहमदाबाद, TVS Lucas Pvt. Ltd., चाकण, पुणे तथा Tata Gotion Green Energy Solutions Pvt. Ltd., चाकण, पुणे, मुकेश एग्रोटेक मंदसौर शामिल रहीं।

स्वरोजगार के क्षेत्र में भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मेले में स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई। इस अवसर पर कुल 4 हितग्राहियों को स्वरोजगार गतिविधियों के लिए 5 लाख 40 हजार रूपये की राशि वितरित की गई। इससे हितग्राहियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी प्रदान की गई। संबंधित विभागों द्वारा युवाओं को शासकीय स्वरोजगार योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं एवं रोजगार गतिविधियों से जुड़ने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।