विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों को रोजगार से जोड़ने एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा स्वरोजगार योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार लाभ प्रदान किया जाएगा। सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण एवं विमुक्त घुमक्कड़ तथा अर्द्ध घुमक्कड़ जनजाति विकास, जिला मुरैना ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का संबंधित जाति समुदाय का होना आवश्यक है। आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा हितग्राही आयकरदाता नहीं होना चाहिए। योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने एवं आवेदन करने के लिए इच्छुक हितग्राही समस्त पोर्टल https://samast.mponline.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा योजना से संबंधित जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण (विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जनजाति विकास) कार्यालय, कक्ष क्रमांक 208, द्वितीय तल, नवीन कलेक्ट्रेट भवन, जिला मुरैना में संपर्क किया जा सकता है। पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे योजना की जानकारी प्राप्त कर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवेदन करें तथा शासन की इस योजना का लाभ उठाएं।