वर्तमान मौसम को देखते हुए सोयाबीन फसल में विभिन्न रोग एवं कीटों के प्रकोप की संभावना बनी हुई है। कृषि विज्ञान केंद्र, नरसिंहपुर ने किसानों को खेतों का नियमित निरीक्षण करने तथा पीला मोजेक रोग, सफेद मक्खी, गर्डल बीटल, तना मक्खी, सेमीलूपर, तंबाकू की इल्ली एवं फली छेदक की विशेष निगरानी करने की सलाह दी है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. विशाल मेश्राम ने बताया कि सोयाबीन में पीला मोजेक विषाणुजनित रोग है। इसकी पहचान पत्तियों पर पीले एवं हरे रंग के चितकबरे धब्बों से की जा सकती है। रोग के प्रारंभिक लक्षण दिखाई देने पर संक्रमित पौधों को जड़ सहित उखाड़कर खेत से बाहर निकालकर उचित तरीके से नष्ट करने की सलाह दी गई है। साथ ही रोग के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सफेद मक्खी की भी नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
सफेद मक्खी की निगरानी के लिए प्रति एकड़ लगभग 20 पीले चिपचिपे ट्रैप खेत में उचित ऊंचाई पर लगाए जा सकते हैं। ट्रैप पर सफेद मक्खियों की संख्या बढ़ने अथवा कीटों का अधिक प्रकोप दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों से सलाह लेकर अनुशंसित नियंत्रण उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
किसानों को गर्डल बीटल एवं तना मक्खी के लिए पौधों और तनों का नियमित निरीक्षण करने तथा पत्ती खाने वाली इल्लियों के लिए पत्तियों की ऊपरी एवं निचली सतह की जांच करने को कहा गया है। फूल एवं फली बनने की अवस्था में फली छेदक इल्लियों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी गई है।
कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों से सप्ताह में कम से कम 2-3 बार खेत का निरीक्षण करने तथा रोग एवं कीटों की समस्या को प्रारंभिक अवस्था में पहचानने का आग्रह किया है। केवल रासायनिक नियंत्रण पर निर्भर रहने के बजाय समेकित कीट प्रबंधन ( IPM) अपनाने की सलाह दी गई है, जिसमें नियमित निगरानी, पीले चिपचिपे ट्रैप, संक्रमित पौधों को हटाना, यांत्रिक एवं जैविक उपाय तथा आवश्यकता होने पर अनुशंसित कीटनाशकों का संतुलित उपयोग शामिल है।
किसानों को सलाह दी गई है कि बिना कीट की पहचान किए अनावश्यक कीटनाशक का प्रयोग न करें तथा दवा की मात्रा एवं उपयोग संबंधी निर्देशों का पालन करें। कीटनाशकों का छिड़काव करते समय दस्ताने, मास्क एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा साधनों का उपयोग करें। किसी भी रोग या कीट की समस्या दिखाई देने पर फोटो अथवा नमूना लेकर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों से आवश्यक सलाह प्राप्त की जा सकती है।

