"सेवा संकल्प अभियान" के अंतर्गत साईंखेड़ा स्थित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में नई स्कूल बस सेवा का शुभारंभ श्री अनुज प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ। विद्यालय को विद्यार्थियों के आवागमन के लिए 15 स्कूल बसें प्राप्त हुई हैं। बस सेवा प्रारंभ होने से विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर श्री अनुज प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य को निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने नई बस सेवा को विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताया। नई बस सेवा से विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को भी आवागमन की चिंता से राहत मिलेगी। इस अवसर पर श्री गौरीशंकर खेमरिया, श्री धर्मपाल सिंह, श्री सचिन अग्रवाल, श्री कीरत सिंह पटेल, श्री दिग्विजय राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
