राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति चयन परीक्षा (एनएमएमएस) 2026-27 का आयोजन 4 अक्टूबर को प्रातः 10:45 बजे से जिले के 14 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में जिले के 3 हजार 694 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा द्वारा संबंधित परीक्षा केंद्रों के प्राचार्यों को केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार नरसिंहपुर, गोटेगांव, करेली, सांईखेड़ा, चीचली एवं चांवरपाठा विकासखंडों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर परीक्षार्थियों की संख्या निर्धारित की गई है। केंद्राध्यक्षों को परीक्षा केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने निर्देशित किया है कि परीक्षा का संचालन माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप गंभीरता, पारदर्शिता एवं व्यवस्थित तरीके से कराया जाए। केंद्राध्यक्ष परीक्षा कार्य से संबंधित सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सावधानी के साथ सुनिश्चित करेंगे।
