भारत सरकार की राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों की चयन परीक्षा जिले के 14 केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा के लिए पंजीकृत 3694 परीक्षार्थियों में से 3474 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जो 94.04 प्रतिशत उपस्थिति रही, जबकि 220 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा के मार्गदर्शन में सभी केंद्रों पर ओएमआर शीट के माध्यम से परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, केंद्राध्यक्ष, बीएसी, जनशिक्षक एवं शिक्षकों ने परीक्षा व्यवस्था में सक्रिय सहयोग किया तथा परीक्षार्थियों को अनुक्रमांक के अनुसार बैठक व्यवस्था में मार्गदर्शन दिया।
समन्वय संस्था उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य राजीव किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि एनएमएमएस का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं के बाद पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक शिक्षा जारी रखने के लिए प्रतिवर्ष वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
परीक्षा उपरांत जिले के सभी 14 परीक्षा केंद्रों की उत्तरपुस्तिकाओं के बंडल समन्वय संस्था उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में प्राचार्य राजीव किशोर श्रीवास्तव, डॉ. अशोक उदेनिया, एन.एस. रघुवंशी, समीर कुरचनिया एवं दीपक पटेल की उपस्थिति में जमा किए गए। एनएमएमएस जैसी पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए शिक्षा की राह आसान बनाने के साथ उनके सपनों को नई उड़ान देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

