नगर पालिका परिषद गाडरवारा द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अभिनव पहल की जा रही है। नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिरों एवं दुर्गा जी के पंडालों से निकलने वाले फूल-मालाओं तथा सब्जियों के अवशेषों के संग्रहण के लिए प्रतिदिन अलग से वाहन की व्यवस्था की गई है।

इस पहल के तहत मंदिरों से प्राप्त चढ़ावे के फूल-मालाओं, बची हुई सब्जियों तथा रसोई के जैविक कचरे का उपयोग कर जैविक खाद (ऑर्गेनिक कम्पोस्ट) तैयार की जा रही है। इससे जैविक कचरे का उचित प्रबंधन होने के साथ ही उपयोगी खाद का उत्पादन भी किया जा रहा है।

नगर पालिका परिषद गाडरवारा के द्वारा इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए हर्बल रंग के रंगोली तैयार करने की भी तैयारी की जा रही है। इस प्रयास का उद्देश्य अपशिष्ट सामग्री का उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा देना तथा स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करना है।