जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाना सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग माइक्रोप्लान तैयार कर सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने 22 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, राजस्व एवं परिवहन विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। यह अभियान 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों की सूची तैयार कर प्रत्येक बच्चे तक पहुंच बनाई जाए। स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, निर्माण स्थलों, ईंट भट्टों एवं प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण व्यवस्था करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान पोलियो की खुराक पीने से छूटे बच्चों को अगले दिन घर-घर जाकर दवा पिलाई जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं धर्मगुरुओं का सहयोग लेकर जनभागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही विकासखंड स्तर पर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करें तथा व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी-3 डॉ. जी.पी. भनारिया ने अभियान की कार्ययोजना एवं तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लानिंग, पोलियो बूथों की व्यवस्था, वैक्सीन एवं आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की कार्यवाही की जा रही है।
इस दौरान जिले के सभी नागरिकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे 22 नवंबर 2026 को अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर इस अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनें। प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अरविंद कुमार सिंह, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख मौजूद थे।

