मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पारडी में आयोजित जनचौपाल में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जनचौपाल में ग्रामीणों की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। वहीं किसानों को खाद-बीज वितरण की जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने पर कृषि विभाग के दो कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं विद्युत विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही बच्चों के जन्म के बाद समय पर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की समझाइश देते हुए कहा कि जन्म प्रमाण पत्र विभिन्न शासकीय कार्यों एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

जनचौपाल में ग्रामीणों ने बिजली की समस्या एवं विद्युत खंभों से संबंधित शिकायतें रखीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेयजल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए पानी का उपयोग जिम्मेदारी से करें तथा खेतों में मोटर लगाकर अनावश्यक रूप से पानी का दोहन न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नलकूपों पर प्रतिबंध नहीं है, लेकिन जल का विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने माणिकराव बारंगे के कुएं से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने ग्रामीणों को स्वामित्व योजना की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र वितरित किए। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना के अंतर्गत उपलब्ध ऋण सुविधा एवं ऋण अदायगी की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गांव में पहुंचकर किसानों को शासन की कृषि योजनाओं, खाद एवं बीज की उपलब्धता तथा वितरण प्रक्रिया की जानकारी दें। खाद-बीज वितरण से पूर्व किसानों को उपलब्धता एवं वितरण की व्यवस्था से अवगत कराना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से खाद एवं बीज के आवंटन तथा किसानों को किए गए वितरण की जानकारी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जनपद पंचायत के माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। किसानों को खाद-बीज वितरण एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने की लापरवाही पर संबंधित कृषि अधिकारी श्री विनोद लोखंडे एवं कर्मचारी शिवानी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। और अंत में जनगणमन कर समापन किया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, तहसीलदार सुश्री प्रेक्षा पाठक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।