भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भाकृअनुप) के राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (आईसीएआर-एनआईबीएसएम), रायपुर में रिफॉर्म उत्सव एवं राजभाषा हिन्दी पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने लेखन कौशल और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सुंदर, स्पष्ट और सुवाच्य हिन्दी लेखन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन का उद्देश्य हिन्दी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर हिन्दी को दैनिक कार्यालयीन कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा इसके प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
संस्थान में हिन्दी पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा हिन्दी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सुलेख प्रतियोगिता का सफल आयोजन नोडल अधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा, वैज्ञानिक एवं राजभाषा प्रभारी श्री प्रांशु राठौर तथा प्रशासनिक अधिकारी के समन्वय से संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने हिन्दी के प्रति उनकी रुचि और जुड़ाव को प्रदर्शित किया।

