सेवा संकल्प अभियान के तहत आज बुधवार को शाजापुर जिला मुख्यालय पर “ सेवा ज्योति संकल्प यात्रा ” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां राजराजेश्वरी माता मंदिर से हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। मां राजराजेश्वरी माता मंदिर से गांधी हॉल तक सेवा ज्योति संकल्प यात्रा निकाली गई। नगर के विभिन्न मार्गों से निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। मशाल यात्रा ने सेवा, समर्पण, एकता और जनसेवा के संकल्प का संदेश दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ एवं समापन पर राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान हुआ।

सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम के दौरान शाजापुर जिले की विकास पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।

उक्त कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदरसिंह परमार सहित शाजापुर विधायक श्री अरुण भीमावद, कालापीपल विधायक श्री घनश्याम चन्द्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, नगरपालिका अध्यक्ष शाजापुर श्री प्रेम जैन, नगरपालिका शुजालपुर अध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार, डॉ. रवि पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने यात्रा में सहभागिता की।

पांच विशिष्ट प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का विशेष सम्मान किया गया। सफल उद्योगपति, पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों तथा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पांच विशिष्ट प्रतिभाओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया।