किसानों को सिंचाई सुविधाओं के विस्तार एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीडीएमसी योजना अंतर्गत ड्रिप सिस्टम, स्प्रिंकलर एवं मिनी स्प्रिंकलर स्थापित करने के लिए 19 नवंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उप संचालक कृषि श्री आरके सिंह ने बताया कि ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल की वेबसाइट dbt.mpdage.org पर आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जिले में प्रेशराइज्ड सिंचाई योजना के अंतर्गत पोर्टल पर मैप किए गए ग्रामों के पात्र किसान ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

आवेदन के लिए किसानों को आधार कार्ड, खसरा-खतोनी (बी-1), बैंक पासबुक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों के लिए जाति प्रमाण पत्र तथा सिंचाई स्रोत प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। प्राप्त आवेदनों का चयन निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। कृषि विभाग ने पात्र किसानों से योजना का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।