मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सेवा सेतु अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत शनिवार को कृषि उपज मंडी प्रांगण करैरा में शिविर का आयोज। हुआ। शिविर में ‘उद्यम संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक, ग्वालियर संभाग के संभागायुक्त श्री मनोज खत्री तथा कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में निवेश, स्वरोजगार तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने आश्वस्त किया कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु पारदर्शी व्यवस्था के तहत कार्य किया जा रहा है।

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उद्यमियों तथा युवाओं को उद्योग स्थापना व व्यवसाय विस्तार में हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। संभागायुक्त ने दिए निर्देशः हर पंचायत से एक सफल उद्यमी का उदाहरण हो सामने उद्यम संवाद को संबोधित करते हुए संभागायुक्त श्री मनोज खत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं से ऋण प्राप्त करने वाले उद्यमियों को बाजार (मार्केटिंग) की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने इको-फ्रेंडली उत्पादों के निर्माण पर जोर देते हुए उद्योग विभाग को ऐसे समूहों व उद्यमियों को प्राथमिकता से ऑर्डर देने की बात कही। संभागायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी तथा डीपीसी जन शिक्षा केंद्र को निर्देशित किया कि कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं पास विद्यार्थियों को आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रमों से अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए, जिससे कोई भी सीट खाली न रहे।

उन्होंने कहा कि शासकीय मशीनरी पूरी तरह सक्रिय रहकर कार्य करे ताकि हर ग्राम पंचायत से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सके और प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक सफल उद्यमी का उदाहरण सामने आए। हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव कार्यक्रम के दौरान सफल हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए।

ग्राम सहरेया निवासी राजकुमारी पाल श्री कुंजै बाबा स्वसहायता समूह की सदस्य ने बताया कि 3 लाख रुपये का लोन लेकर वे आत्मनिर्भर बनी हैं और वर्तमान में पीएचडी की पढ़ाई करते हुए बच्चों को शिक्षित कर रही हैं। वहीं, ग्राम सलैया निवासी राखी जोशी सचिव, बादीबाबा स्वसहायता समूह ने मनिहारी व्यवसाय से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए शासन का आभार व्यक्त किया।

इसके अलावा पशुपालक रामसहाय यादव द्वारा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु अतिरिक्त ऋण की मांग किए जाने पर कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। विभिन्न योजनाओं के तहत 16.30 लाख रुपये का ऋण एवं हितलाभ वितरित कार्यक्रम के दौरान राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं अन्य योजनाओं के तहत कुल 16.30 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर वितरित किया गया।

इसमें राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन करैरा के अंतर्गत सेमरा के बालाजी स्वसहायता समूह एवं खाती बाबा स्वसहायता समूह को 6-6 लाख रुपये का बैंक ऋण प्रदान किया गया। सखी स्वावलंबन योजना के तहत बगैधरी अब्बल निवासी शीला प्रजापति को 2 लाख रुपये, सिरसौद निवासी सिरकू लोधी को 1 लाख 30 हजार रुपये तथा ग्राम जुझाई निवासी रचना लोधी को 1 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत व्यवसाय विस्तार हेतु हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किया गया। इसमें स्टील फैब्रिकेशन उद्योग हेतु रवि कुमार झा को 1 लाख 80 हजार रुपये, क्लॉथ शॉप हेतु दीपक गुप्ता को 2 लाख रुपये तथा स्टेशनरी शॉप हेतु हेमंत जैन को 6 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर वितरण पत्र सौंपा गया।

जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री जसमंत जाटव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री पुष्पेंद्र जाटव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, एसडीएम करैरा श्री अनुपम शर्मा, संबंधित विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक व हितग्राही उपस्थित रहे।