भारत सरकार की प्राइस डिफिसिट पेमेंट स्कीम (भावांतर योजना) के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026 (विपणन वर्ष 2026-27) में खरीफ सोयाबीन फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी हेतु पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पूर्व में निर्धारित तिथि 17 अक्टूबर को बढ़ाकर अब 24 अक्टूबर 2026 कर दिया गया है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक ने बताया कि जिले के किसान भाई अब बढ़ाए गए समय में अपनी सोयाबीन फसल का पंजीयन करा सकेंगे। जिले में सोयाबीन फसल के सुगम एवं पारदर्शी पंजीयन हेतु कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिला उपार्जन समिति द्वारा 15 प्राथमिक केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें सेवा सहकारी संस्था गढ़ीबरौद, सेवा सहकारी संस्था शिवपुरी, सेवा सहकारी संस्था बमरा, सेवा सहकारी संस्था भटनावर, सेवा सहकारी संस्था छर्च, सेवा सहकारी संस्था झिरी, सहकारी विपणन संघ मर्यादित पोहरी, सेवा सहकारी संस्था बूढ़ादा, विपणन सहकारी संस्था कोलारस, सेवा सहकारी संस्था खतौरा, सेवा सहकारी संस्था कुटवारा, सेवा सहकारी संस्था कालीपहाड़ी, सेवा सहकारी संस्था पिछोर, विपणन सहकारी संस्था खनियाधाना एवं सेवा सहकारी संस्था मुहारीकला शामिल हैं। इन निर्धारित केंद्रों पर किसानों की सोयाबीन फसल का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि समिति केंद्रों के अलावा किसान भाई अपनी सुविधा अनुसार ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर भी निर्धारित समयावधि में फसल का पंजीयन करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त कृषक अपनी सोयाबीन फसल का पंजीयन एम.पी. ऑनलाइन, एमपी कियोस्क कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे के माध्यम से भी निर्धारित सुविधा शुल्क का भुगतान कर करा सकते हैं। समय-सीमा में पंजीयन कराने की अपील कृषि विभाग ने जिले के समस्त सोयाबीन उत्पादक कृषकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से करा लें, ताकि वे शासन की भावांतर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।