जिला चिकित्सालय विदिशा में गले में थायराइड ग्रंथि की बड़ी गठान से पीड़ित मरीज का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। जिला चिकित्सालय में इस प्रकार की सर्जरी का सफलतापूर्वक संपन्न होना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गले में बड़ी गठान की समस्या से पीड़ित मरीज को जिला चिकित्सालय विदिशा में भर्ती किया गया था। चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच एवं बायोप्सी के उपरांत थायराइड ग्रंथि में बड़ी गठान की पुष्टि हुई। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीज का ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।

यह जटिल ऑपरेशन डॉ. विवेक गुप्ता (नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. विनय गोलनदाज (सर्जरी विशेषज्ञ) द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. रवि श्रीवास्तव, डॉ. अंकित श्रीवास्तव, रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. प्रियंका एवं डॉ. योगेश द्वारा निभाई गई।

ऑपरेशन के पश्चात मरीज की स्थिति सामान्य बताई गई है। जिला चिकित्सालय विदिशा में इस प्रकार की जटिल सर्जरी का सफल होना चिकित्सकों की विशेषज्ञता, समन्वय एवं समर्पण को दर्शाता है।

जिला चिकित्सालय विदिशा में इस जटिल ऑपरेशन की सफलता से स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। यह उपलब्धि शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करने के साथ-साथ मरीजों को अपने ही जिले में विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।